ह्यूज, पहले वनडे में शतक ठोंका
- Details
- Friday, 11 January 2013 18:28
- Hits: 16
नयी दिल्ली.श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के पहले मैच में आज 112 रन की शानदार पारी खेलने के साथ ही फिल ह्यूज अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट में अपने पदार्पण मैच में शतक जडने वाले पहले आस्ट्रेलियाई खिलाडी बन गए. ह्यूज ने श्रीलंका के खिलाफ 129 गेंदों की अपनी पारी में 112 रन बनाए और इस दौरान 14 चौके जड़े. उन्होंने 123 गेंदों में 12 चौकों के सहारे जैसे ही शतक पूरा किया, वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच में शतक जड़ने वाले पहले आस्ट्रेलियाई बन गए. अंतर्राष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में अपने पदार्पण मैच में शतक जड़ने का कारनामा अभी क्रिकेट इतिहास में आठ खिलाड़ियों ने ही किया है. सबसे पहले इंग्लैंड के डेनिस अमिस ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 अगस्त 1972 को खेले गए अपने पदार्पण मैच में शतक जड़ा था. उन्होंने 134 गेंदों में 103 रन बनाए थे. इसके बाद 22 फरवरी 1978 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के डेमंड हेन्स ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच में 136 गेंदों में शानदार 148 रन बनाए थे. क्रिकेट इतिहास में पदार्पण मैच में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड हेन्स के नाम ही दर्ज है. जिम्बाव्वे के एंडी फ्लावर ने 23 फरवरी 1992 को पदार्पण मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 115 रन की पारी खेली थी जबकि पाकिस्तान के सलीम इलाही श्रीलंका के खिलाफ ही 29 सितंबर 1995 को नाबाद 102 रन बनाकर यह कारनामा करने वाले विश्व के चौथे खिलाड़ी बने थे. न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्तिल ने 10 जनवरी 2009 को खेले गए अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय वनडे में विंडीज टीम के खिलाफ नाबाद 122 रन बनाए थे. दक्षिण अफ्रीका के कोलिन इनग्राम ने जिम्बाव्वे के खिलाफ 15 अकटूबर 2010 को 124 रन बनाकर इस सूची में अपना नाम दर्ज कराया था. इसके बाद 20 अक्टूबर 2011 को अंतरराष्ट्रीय वनडे में कदम रखने वाले न्यूजीलैंड के रोब निकोल ने जिम्बाव्वे के ही खिलाफ नाबाद 108 रन बनाए थे. श्रीलंका के खिलाफ 112 रन की शानदार पारी खेलकर इस सूची में शामिल होने वाले आठवें खिलाड़ी बन गए हैं, जबकि पदार्पण मैच में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वह पांचवें नंबर पर हैं. इस मामले में हेन्स के बाद इनग्राम का दूसरा नंबर और गुप्तिल का तीसरा नंबर है जबकि फ्लावर पदार्पण मैच में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पाचवें नंबर पर हैं.


