वामपंथी आतंकवाद बड़ी समस्या
- Details
- Saturday, 12 January 2013 22:23
- Hits: 33
कटक.मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने महिलाओं पर अत्याचार रोकने के लिए पुलिस को सख्ती बरतने का निर्देश दिया है. उन्होंने वामपंथी आतंकवाद को राज्य की सबसे बड़ी समस्या बताया और महिला व कमजोर वर्ग पर बढ़ रहे अत्याचार को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने पर जोर दिया. कटक में शुक्रवार से चल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन के समापन पर शनिवार को मुख्यमंत्री ने ये बातें कही. उन्होंने वामपंथी आतंकवाद और बढ़ते अपराधों से निपटने में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस के जवानों के प्रति श्रद्धा और सम्मान अर्पित करते हुए कहा कि उनके परिवारों को जल्द से जल्द वे सब सुविधाएं मिलनी चाहिए जिनकी वे हकदार हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधों को रोकने में तभी पूरी सफलता मिलेगी जब पुलिस और प्रशासन में समन्वय होगा. इस अवसर पर क्राइम एवं क्रिमिनल ट्रैकिंग एवं नेटवर्किंग पायलट परियोजना का उन्होंने शुभारंभ किया. सीसीटीएनएस परियोजना के सहयोग से अब अपराध की रोकथाम के लिए तेजी से कार्रवाई हो सकेगी. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य अपराध शाखा की सफलता और मुश्तैदी की भी प्रशंसा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि नई टेक्नालाजी आने से अपराध जगत में भी नए-नए अपराध हो रहे हैं. उन्होेंने कहा कि अपराध रोकने के लिए सजग, चतुर और कार्यकुशल जासूस विभाग की जरूरत है. इससे अपराध एवं अपराधियों को रोकने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार और अपराध की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण में लगी है. इसके लिए थानों को अधिक सुरक्षित बनाया जा रहा है. थानों में अधिक पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जा रही है और पुलिसकर्मियों को आधुनिक हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. अपराध अनुसंधान के लिए पुलिस को वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच के उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. उन्हें आधुनिक हथियार दिए जा रहे हैं. विभिन्न थानों एवं सरकार को इंटरनेट एवं सीसीटीएनएस सिस्टम से जोड़ा जा रहा है. उन्होंने पुलिसकर्मियों को मानव अधिकार का सम्मान करने की सलाह दी और कहा कि वे अपने कर्तव्य का निष्पक्षता, निर्भयता और धैर्य के साथ निर्वाह करे. उन्होंने जोर देकर कहा कि वामपंथी आतंकवाद का साहस के साथ दमन करें और महिलाओं,बच्चों और कमजोर वर्ग पर होने वाले अत्याचार और अपराध को रोकें. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार खासतौर पर ध्यान दे रही है. राज्य में किसी भी थाने में महिला यातना संबंधी मामला दर्ज किया जा सकता है और इस दिशा में पुलिस तुरन्त कार्रवाई करेगी. इसके अलावा महिलाओं पर होने वाली विभिन्न यातनाओं के बारे में जांच कर 7 दिन के अन्दर चार्जशीट दाखिल की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म व अन्य अत्याचारों की सुनवाई के लिए फास्टट्रैक कोर्ट खोला जाएगा. इसके साथ राज्य के तमाम जिलों के एसपी कार्यालय में महिला सेल खोला जाएगा. इसके अलावा क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम से राज्य के दो जिलों अंगुल एवं केन्द्रापड़ा को जोड़ा गया है. इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक प्रकाश मिश्र ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि के साथ-साथ अपराध की संख्या भी बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ज्यादा पुलिस की आवश्यकता है. रिक्त स्थानों पर नये पदों का सृजन कर पुलिस की संख्या बढ़ाने पर उन्होंने बल दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ रहे आर्थिक अपराध को भी रोकना जरूरी है.
लोकप्रिय खबरें:
- शीला दीक्षित झुकीं, केजरीवाल ने कहा, लोगों की हुई जीत - 28/04/2013 12:54
- कर्नाटक : कांग्रेस का परचम लहराया, भाजपा को तगड़ा झटका - 08/05/2013 09:19
- उमड़ा जनसैलाब : बहन दलबीर ने दी सरबजीत को मुखाग्नि - 03/05/2013 10:41
- इस्तीफे की मांग पर भड़के कमिश्नर: बोले, नहीं दूंगा इस्तीफा - 22/04/2013 16:10
- चीनी हेलीकॉप्टरों ने किया उल्लंघन, फिर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ - 25/04/2013 09:15





