खत्म हो जाएंगे निन्जा
- Details
- Friday, 28 December 2012 00:47
- Hits: 133
विश्व भर में विख्यात रही जापानी युद्धकला निन्जा अब दम तोड़ रही है. बहुत ढूंढने पर भी वहां एक-दो से ज्यादा निन्जा नहीं मिलेंगे.वे भी खुद स्वीकार करते हैं कि वे ही आखिरी निन्जा होंगे. निन्जा के बारे में रोचक मिथकों की कमी नहीं है. निन्जा के बारे में कई मिथक प्रचलित हैं जिनमें से प्रमुख पांच निम्र हैं:
1. निन्जा उड़ सकते हैं.
2. निन्जा एक मार्शल आर्ट है.
3. निन्जा गायब हो सकते हैं.
4. निन्जा काले कपड़े पहनते हैं.
5. निन्जा पानी पर चल सकते हैं.
निन्जा म्यूजियम के मुताबिक, जिनिची कावाकामी जापान के आखिरी निन्जा ग्रैंडमास्टर हैं. माना जाता है कि कुछ निन्जा अब खेती का काम करते हैं और कुछ जासूसी आदि का काम करने लगे हैं. खुद कावाकामी एक दक्ष इंजीनियर हैं जिन्होंने इंजीनियरिंग बाकायदा सीखी है. वह अब किसी जापानी कारोबारी की तरह सूट-बूट पहनते हैं लेकिन जापान का आखिरी निन्जा होने का गौरव सिर्फ कावाकामी को हासिल नहीं होगा क्योंकि 80 साल के मसाकी हत्सूमी का दावा है कि उनका ताल्लुक भी एक निन्जा खानदान से है. कावाकामी और हत्सूमी दोनों का दावा है कि उनके वंश का संबंध प्राचीन निन्जा लड़ाकू योद्धाओं से जुड़ा है लेकिन दोनों ही कहते हैं कि वे अपने परिवार से किसी को अगला निन्जा ग्रैंडमास्टर नहीं बनाएंगे यानी वाकई यह युद्ध कौशल अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है. तो क्या वजह है कि खुद इस कला में प्रवीण होने के बावजूद वे अपने परिवार के किसी सदस्य को अगला ग्रैंडमास्टर बनाना नहीं चाहते हैं. वह कहते हैं, पुराने जमाने में जासूसी, लड़ाई के पैंतरे, खतरनाक एवं कारगर दवाएं तैयार करने के लिए निन्जा के कौशल बड़े उपयोगी थे लेकिन आधुनिक युग में अब हमारे पास बंदूकें हैं, इंटरनैट है और बेहतर दवाएं हैं इसलिए अब इस कौशल की कोई जरूरत नहीं है. यही वजह है कि अब वह किसी को यह कला सिखाते नहीं हैं. इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि निन्जा भले ही खत्म हो जाएं, उनसे जुड़े मिथक हमेशा रहेंगे.





